शिल्पग्राम

निदेशक की कलम से
 भारत के ग्रामीण एवं आदिम क्षेत्रों में रहने वाले लाखों करोड़ों लोगों के मध्य कला के प्रोत्साहन, विकास के ध्येय से 1985-1986 में एक प्रसार तंत्र के रूप में क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्रों की स्थापना की गई। इन केन्द्रों की परिकल्पना किसी बंद सभागार में सीमित लोगों के समक्ष कला प्रदर्शन कराने वाली संस्था के रूप में नहीं हो कर अपितु सम्पूर्ण भारत के लोगों को प्रेक्षक व दर्शक मानते हुए एवं ग्राम्यांचल के हजारों लोक कलाकारों व शिल्पकारों को उनके क्षेत्र सीमाओं से बाहर कला प्रदर्शन का अवसर देने वाले केन्द्र के रूप में की गई है।

पशिचम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (प.क्षे.सां.क़े.) देश का पहला ऐसा केन्द्र है जिसने उदयपुर में शिल्प परिसर 'शिल्पग्राम' की स्थापना की। इस परिसर में भारत के पश्चिमी राज्य राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र तथा गोवा की पारंपरिक कला एवं संस्कृति, वास्तु कला व कला वैविध्य के साथ साथ वहां के ग्राम्य परिवेश को प्रदर्शित किया गया है।

पश्चिमी क्षेत्र के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला के साथ ही उदयपुर के शिल्पग्राम में हर वर्ष दिसम्बर के अंतिम सप्ताह में ''शिल्पग्राम उत्सव'' का आयोजन किया जाता है। दस दिन के इस उत्सव में जहां देश भर से 650 से ज्यादा लोक कलाकार व शिल्पकार भाग लेते हैं वहीं लाखों लोगों द्वारा उत्सव की सांस्कृतिक प्रवृत्तियों को निहारा जाता है।

प.क्षे.सां.क़े. क़ा मुख्यालय 18 वीं शताब्दी में तत्कालीन मेवाड़ रियासत के प्रधानमंत्री द्वारा बनाई ऐतिहासिक बागोर की हवेली में स्थित है। इस हवेली का अपना अनूठा वास्तु शिल्प है, जिसमें काँच की पच्चीकारी एवं भित्ति चित्र वास्तु शिल्प एवं कला का उत्कृष्ट उदाहरण है। केन्द्र द्वारा पाँच वर्षों तक करवाए गए अनवरत जीर्णोद्धार व पुनर्नवीकरण कार्य के द्वारा इस हवेली के वास्तु शिल्प व सांस्कृतिक एवं पुरातन वैभव को निखारने के पश्चात् बागकी हवेली को राजसी जीवन शैली को दर्शाने वाला संग्रहालय बनाया गया।

मैं आपको इस वेबसाइट पर आमंत्रित करते हुए हर्ष का अनुभव कर रहा हूँ। आपसे अनुरोध है कि आप अपनी प्रतिक्रिया एवं रचनात्मक सुझाव हमें प्रेषित करें

शुभकामनाएँ

 डॉ देवेन्द्र कुमार धोदावत भा.प्र.से.

 

 

Rajasthan Tourism

Copyright © West Zone Cultural Centre
Bagore Ki Haveli, Gangaur Ghat

Site Developed By : WEBZONE